शेख़ चिल्ली और चिट्ठी
शेख चिल्ली ने नाई से संपर्क किया लेकिन नाई बीमार था। फसल कटाई का वक़्त होने से कोई नौकर या मज़दूर भी खाली नहीं था। मियाँ जी ने तय किया कि वह ख़ुद ही चिट्ठी पहुँचाने जाएँगे। अगले दिन वह सुबह-सुबह चिट्ठी लेकर घर से निकल पड़े। शाम ढलते-ढलते वे अपने भाई के घर पहुँचे और उन्हें चिट्ठी पकड़ाकर लौटने लगे।
उनके भाई ने हैरानी से पूछा, "अरे! चिल्ली भाई! तुम वापिस क्यों जा रहे हो? क्या मुझसे कोई नाराजगी है?"
शेख चिल्ली के भाई ने यह कहते हुए उसे रोकते हुए, बैठने को कहा तो चिल्ली बोले, "भाई जान, ऐसा है कि मैंने आपको चिट्ठी लिखी थी। चिट्ठी ले आने को न नाई मिला और न कोई नौकर। इसलिए मुझे ही चिट्ठी देने आना पड़ा।
भाई ने कहा, "हाँ, वह तो ठीक है लेकिन जब आप आ ही गए हो तो दो-चार दिन ठहर कर जाओ।"
भाई की बात सुनकर शेख चिल्ली बिगड़ गए, मुँह बनाते हुए बोले तेज आवाज में बोले, "आप भी अजीब इंसान हैं। समझते ही नहीं! मैं तो सिर्फ नाई का फर्ज़ निभा रहा हूँ। मुझे आना होता और आपसे मिलना होता तो मैं चिट्ठी क्यों लिखता?" शेखचिल्ली अपने भाई से हाथ छुड़ा अपनी राह हो लिए।

0 Comments